भोरंज से BJP का टिकट फाइनल, ये होंगे उम्मीदवार

punjabkesari.in Saturday, Mar 18, 2017 - 04:22 PM (IST)

शिमला/हमीरपुर (विकास/ अरविंदर): भोरंज विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार करने के लिए भाजपा ने अपना महारथी मैदान में उतार दिया है। भाजपा नेताओं ने स्वर्गीय आईडी धीमान के बेटे डॉ अनिल धीमान के नाम पर मुहर लगा दी है। जिला परिषद सदस्य पवन कुमार पार्टी के कवरिंग कैंडिडेट होंगे। प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में भोरंज के होटल सनशाइन में एक बैठक हुई। जिसमें बतौर चुनाव समिति के सचिव रणधीर शर्मा ने अनिल धीमान को भाजपा के भोरंज उपचुनाव में प्रत्याशी घोषित किया। जानकारी के मुताबिक भोरंज उप चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करने व भाजपा और उसके सभी प्रकोष्ठों, मोर्चों के पदाधिकारियों को तैयार करने के उद्देश्य से पार्टी की विशेष बैठक का आयोजन भी किया गया।


20 मार्च को अपना नामाकंन भरेगें धीमान
बैठक में हमीरपुर जिला प्रभारी एवं प्रदेश चुनाव सचिव विधायक रणधीर शर्मा ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए पार्टी उम्मीदवार को जिताने के लिए दिन रात एक करने की बात कही। बैठक में रणधीर शर्मा, वीरेंद्र कंवर, जय राम, महेंद्र सिंह, कृपाल परमार, प्रवीण शर्मा, अनिल ठाकुर,  डा. अनिल धीमान के अलावा भोरंज विस के मतदान केंद्र, ग्राम केंद्र, बीएलए, प्रभारी, जिला पदाधिकारी, मोर्चे प्रकोष्ठों के अध्यक्ष भी उपस्थित थे। विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि धीमान 20 मार्च को अपना नामाकंन भरेगें और उसी दिन विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल रैली का भी आयोजन किया जाएगा।


स्वर्गीय धीमान और धूमल द्वारा शुरू किए विकास को गति देने की करेंगे कोशिश
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा बनाई गई चार्जशीट के अलावा प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियां को लेकर भाजपा कार्यकर्त्ता घर-घर तक पहुंचकर भाजपा के 50 प्लस के सपने को साकार करने की ओर पहला कदम भोरंज से बढ़ाएंगे। धीमान ने कहा कि अगर जनता उनपर विश्वास जताती है तो विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति जो उनके पिता व पूर्व विधायक स्वर्गीय ईष्वरदास धीमान व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शुरू किए है उसे और गति प्रदान करने की कोशिश करेगें। गौरतलब है कि भाजपा की ओर से अनिल धीमान के अलावा जिला परिषद सदस्य पवन कुमार, प्रदेश सचिव कमलेश कुमारी व राजकुमार के नाम हाई कमान के पास भेजे थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News