Bali के करीबी ने ठोकी कांग्रेस टिकट के लिए दावेदारी, समारोह के बहाने किया शक्ति प्रदर्शन

punjabkesari.in Wednesday, Sep 13, 2017 - 05:05 PM (IST)

मंडी: एच.आर.टी.सी. के निदेशक एवं सराज से कांग्रेस के युवा नेता महेंद्र ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी के टिकट पर अपनी दावेदारी पेश की है। सराज विधानसभा क्षेत्र के परवाड़ा में नए पटवार सर्कल के शुभारंभ समारोह के बहाने उन्होंने शक्ति प्रदर्शन किया। समारोह में एस.डी.एम. राघव शर्मा को बतौर मुख्यातिथि आमंत्रित किया गया था लेकिन सारा कार्यक्रम महेंद्र ठाकुर की पहुंच दिखाने के लिए ही आयोजित किया गया था। महेंद्र ठाकुर ने जहां सराज विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को गिनाया, वहीं उन्होंने अपनी दावेदारी को जताने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में भी उनका नाम टॉप 2 में आया था लेकिन किन्हीं कारणों से उन्हें टिकट नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि इस बार भी वह टिकट पर अपनी दोवदारी पेश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि पार्टी हाईकमान उन्हें टिकट देती है तो सराज में बीते 20 वर्षों से चल रहे भाजपा के राज को समाप्त कर दिया जाएगा। 
PunjabKesari
कांग्रेस के आधा दर्जन लोग चुनाव में उतरने को तैयार
बता दें कि सराज में कांग्रेस के टिकट के लिए करीब आधा दर्जन लोग अपनी दावेदारी जता रहे हैं और इन दावेदारों में महेंद्र ठाकुर का नाम भी अब प्रमुखता से शामिल हो गया है। महेंद्र ठाकुर परिवहन मंत्री जी.एस. बाली के काफी करीबी माने जाते हैं और मौजूदा समय में इन्हें एच.आर.टी.सी. के निदेशक का दायित्व दिया गया है। महेंद्र ठाकुर पूर्व में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और मौजूदा समय में कांग्रेस पार्टी के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला संयोजक भी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News