अनुराग ने ‘ओलिम्पिक दौड़’ को दिखाई हरी झंडी, सैंकड़ों प्रतिभागी दौड़े

punjabkesari.in Saturday, Jun 24, 2017 - 12:45 AM (IST)

हमीरपुर: विश्व ओलिम्पिक दिवस पर हिमाचल ओलिम्पिक संघ के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर में आयोजित ओलिम्पिक दौड़ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। हमीरपुर में इन दिनों राज्य हिमाचल ओलिम्पिक खेलों की धूम मची है, जिसमें प्रदेश भर से युवा खिलाड़ी भाग लेने पहुंचे हुए हैं। ओलिम्पिक रन में भी सैंकड़ों प्रतिभागियों ने भाग लिया। सांसद द्वारा पहलवान ग्रेट खली और ओलिम्पियन विजय कुमार की उपस्थिति में हमीरपुर में की गई ओलिम्पिक खेलों की शुरूआत के साथ प्रदेश भर में खिलाड़ी रोमांचित हैं। हमीरपुर में खिलाडिय़ों के लिए उत्सव जैसा माहौल चल रहा है।

हिमाचल के खिलाड़ी लाएंगे ओलिम्पिक मैडल
सांसद ने इस अवसर पर उपस्थित खिलाडिय़ों और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वह हिमाचल प्रदेश की अनगिनत छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को एक मंच देने और निखारने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि वह आश्वस्त हैं कि हिमाचल के खिलाड़ी हिमाचल ओलिम्पिक संघ के संरक्षण में अपनी प्रतिभा को तराश कर ओलिम्पिक मैडल लाएंगे और देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने प्रदेश के खिलाडिय़ों को आश्वस्त किया कि वह प्रदेश के विभिन्न जिलों में विभिन्न खेलों के लिए मूलभूत सुविधाओं और विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण के लिए कोच की व्यवस्था के लिए भी कार्य करेंगे। 

जल्द ही खेल भूमि के तौर पर भी विकसित होगी देवभूमि
उन्होंने कहा कि हिमाचल देवभूमि और वीरभूमि होने के साथ-साथ जल्द ही खेल भूमि के तौर पर भी विकसित होगी। वहीं पत्रकारों से बातचीत करते हुए हिमाचल ओलिम्पिक  में आए विश्वविख्यात पहलवान ग्रेट खली ने कहा कि वह अनुराग के साथ प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जब भी अनुराग उन्हें इस प्रकार के खेल आयोजनों के लिए आमंत्रित करेंगे, वह अवश्य आएंगे। 

क्या बोले ओलिम्पिक स्टार शूटर विजय कुमार
इस अवसर पर ओलिम्पिक स्टार शूटर विजय कुमार ने कहा कि हिमाचल में यदि हिमाचल ओलिम्पिक जैसे खेल आयोजन प्रदेश के विभिन्न जिलों में किए जाएं तो अवश्य ही हिमाचल प्रदेश से और भी अधिक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News