अनजान नंबर पर खाते की जानकारी देना पड़ा महंगा, ऐसे उड़ी खून-पसीने की कमाई

punjabkesari.in Friday, Oct 27, 2017 - 06:58 PM (IST)

इंदौरा (अजीज): पुलिस थाना इंदौरा के अंतर्गत एक व्यक्ति से फर्जी कॉल कर उसके बैंक खाते से 60 हजार रुपए उड़ाने का मामला सामने आया है। मामला पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के निकटवर्ती गांव त्यौड़ा का है। मामले के संदर्भ में जानकारी देते हुए अतिरिक्त थाना प्रभारी इंदौरा सुभाष राणा ने बताया कि 72 वर्षीय विधि चंद पुत्र बांका राम निवासी गांव त्यौड़ा तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा ने इस संदर्भ में पुलिस चौकी में शिकायत पत्र दिया है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

खाते व ए.टी.एम. की जानकारी देते ही उड़ा लिए पैसे
शिकायतकर्ता के अनुसार उसे एक अनजान नंबर से फोन आया, जिसमें कहा गया कि वे बैंक के राष्ट्रीय मुख्यालय से बोल रहे हैं और जी.एस.टी. के नए नियमों के कारण उनका खाता व ए.टी.एम. कार्ड बंद किया जा रहा है। यदि वे अपने खाते व ए.टी.एम. कार्ड को सुचारू रूप से चलाना चाहते हैं तो आधार नंबर, बैंक खाता संख्या व ए.टी.एम. कार्ड का पिन नंबर बताना होगा। इस पर शिकायतकर्ता उनके बहकावे में आ गया और उसने उक्त जानकारी उनसे सांझा कर दी। जानकारी उनसे सांझा करते ही उसके खाते से 60 हजार रुपए की राशि उड़ा ली गई।  

बैंक खातों के संबंधित जानकारी न करें सांझा
पुलिस उप निरीक्षक सुभाष राणा ने लोगों को इस तरह की फोन कॉल्स बारे सचेत किया है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने बैंक खातों के संदर्भ में अनजान नंबर से आई फोन कॉल अथवा किसी भी व्यक्ति के साथ कोई जानकारी सांझा करने से बचे और अपने बैंक व नजदीकी पुलिस थाना को इस बारे सूचित करें। एस.पी. कांगड़ा रमेश छाजटा ने बताया कि जिस नंबर से फोन कॉल आई है, उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है तथा शीघ्र ही मामले के दोषी का पता लगा लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News