पिता की शिकायत लेकर DC ऑफिस पहुंचे 3 मासूम, पढ़ें क्या है मामला

punjabkesari.in Saturday, May 20, 2017 - 01:50 AM (IST)

चम्बा: चाइल्ड लाइन के माध्यम से 3 बच्चों ने अपने दादा राजू राम के साथ अपने पिता के खिलाफ डी.सी. चम्बा से शिकायत करते हुए उन्हें आश्रम में पनाह देने के साथ उनकी सम्पत्ति को सुरक्षित रखने की मांग की है। जानकारी के अनुसार चुराह उपमंडल के दायरे में आने वाली ग्राम पंचायत चांजू के नोकी राम की 2 बेटियों व एक बेटे ने डी.सी. चम्बा के समक्ष पेश होकर बताया कि उनकी मां का देहांत हो चुका है जिसके बाद उनका पिता किसी और औरत को उसकी 2 बेटियों के साथ घर ले आया है।

पिता ने लड़कियों की पढ़ाई पर लगाई रोक 
कुछ दिनों तक तो सब कुछ ठीक रहा लेकिन बाद में उक्त महिला के साथ-साथ उनके पिता के व्यवहार में बदलाव आ गया और वे दोनों उन पर अत्याचार करने लगे। इस पर जब मामला पंचायत में पहुंचा तो अदालत ने इसमें हस्तक्षेप किया। इसके बाद उनके पिता ने दोनों लड़कियों को स्कूल जाने से रोक दिया। इसके चलते लड़कियां शिक्षा की मुख्यधारा से कट गईं। इसके बाद भी उनके पिता का उन पर अत्याचार कम नहीं हुआ। सारे घर का काम उन्हीं से करवाया जाता, साथ ही उनकी खूब पिटाई करने के बाद उन्हें घर से भी बाहर निकाल दिया जाता है। 

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर पर रही एक बेटी
यही वजह है कि एक बेटी पिछले 2 माह से अपनी बड़ी बहन के घर में रह रही है तो दूसरी बेटी पंचायत की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के यहां पनाह लिए हुए है। बेटा अपने दादा के साथ रहता है। उक्त बच्चों ने डी.सी. चम्बा से अनुरोध किया है कि उन्हें सुरक्षित पनाह देने के लिए उन्हें आश्रम में रखा जाए, साथ ही जब तक वे बालिग नहीं हो जाते हैं तब तक उनकी सम्पत्ति को सुरक्षित रखने के आदेश जारी किए जाएं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News